जैसलमेर में सड़क किनारे मिला नवजात का क्षत-विक्षत शव, जंगली जानवरों के नोचने की आशंका

THE BIKANER NEWS:-जैसलमेर। राजस्थान के जैसलमेर शहर में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया। रामगढ़ रोड स्थित एक आयुर्वेदिक अस्पताल के बाहर सड़क किनारे नवजात बच्चे का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि उसे किसी जंगली जानवर ने नोचा है।
मिट्टी से सना था नवजात का शव
जानकारी के अनुसार, नवजात का शव मिट्टी से सना हुआ था और बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। शव का आधा सिर और एक हाथ गायब बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नवजात लड़का था और उसकी उम्र करीब एक दिन बताई जा रही है।
डॉक्टर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
शहर कोतवाल प्रेमाराम विश्नोई के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 8 बजे आयुर्वेदिक अस्पताल के एक डॉक्टर ने फोन कर घटना की जानकारी दी। राहगीरों ने भी पुलिस को सूचना दी थी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात को सड़क किनारे कौन छोड़कर गया और घटना किन परिस्थितियों में हुई। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस के अनुसार, नवजात जन्म के समय जीवित था या उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।





































