कोटगेट थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक की मौत

बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र स्थित रानीबाजार इंडस्ट्री एरिया की एक ऊन मिल में दर्दनाक हादसे में मजदूर की मौत हो गई। मिल परिसर में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार, मृतक ऊन मिल में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान वह मिल परिसर में आराम कर रहा था। इसी दौरान सामान लेकर एक ट्रैक्टर मिल के अंदर पहुंचा। ट्रैक्टर चालक का ध्यान वहां आराम कर रहे मजदूर पर नहीं गया और वह ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि मजदूर का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही कोटगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।





































