राजस्थान में फिर बदला मौसम का मिजाज, 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मंगलवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 5 अगस्त को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार राज्य के पूर्वी हिस्से में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

पिछले 24 घंटे के दौरान हनुमानगढ़, भरतपुर, झुंझुनूं, करौली, अलवर, श्रीगंगानगर, सीकर और जयपुर से सटे क्षेत्रों में तेज बारिश दर्ज की गई। डीग के पास रारह क्षेत्र में सबसे ज्यादा 66 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा भरतपुर, धौलपुर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, करौली, अलवर, सीकर, श्रीगंगानगर और जयपुर सहित कई इलाकों में करीब 2 इंच तक पानी बरसा।
7-8 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने कोटा और भरतपुर संभाग के जिलों में 7 और 8 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। ऐसे में इन क्षेत्रों में आगामी दिनों में बारिश का दौर और तेज होने की संभावना है।
तापमान में 5 डिग्री तक गिरावट
लगातार बारिश और हवाओं के कारण उत्तर-पूर्वी राजस्थान के लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, दौसा, पिलानी और अलवर में मंगलवार को दिन के तापमान में करीब 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश कम होने तथा मौसम साफ रहने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान डूंगरपुर में 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आने वाले दिनों में राजस्थान के कई जिलों में मानसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है।




































