सरकारी बस चालक से करोड़पति तक! घर से 15 किलो सोना और 20 करोड़ कैश बरामद

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के मोहम्मद बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध बालू माफिया से जुड़े कारोबारी के घर पर बड़ी छापेमारी करते हुए करीब 15 किलोग्राम सोना और 20 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई के बाद राज्य के राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल मच गई है।

पुलिस को खुफिया सूचना मिलने के बाद मीनार मंडल के आलीशान मकान पर छापा मारा गया। तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में नकदी नोटों के बंडलों के रूप में मिली। नकदी की गिनती के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं, जबकि रकम को सुरक्षित ले जाने के लिए बड़े ट्रंक भी मौके पर पहुंचाए गए। इसके अलावा करीब 15 किलो सोना भी बरामद हुआ।जानकारी के अनुसार, मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक था, लेकिन बाद में उसने नौकरी छोड़कर स्थानीय पत्थर कारोबारी तुलु मंडल के कारोबारी नेटवर्क से जुड़ गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मीनार मंडल तुलु मंडल का करीबी सहयोगी और रिश्तेदार है।तुलु मंडल का नाम पहले भी अवैध पत्थर खनन और कथित मवेशी तस्करी से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। वर्ष 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी उसके ठिकानों पर छापेमारी की थी। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि इस ताजा बरामदगी का तुलु मंडल से प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं।पुलिस ने बरामद नकदी, सोने और अन्य दस्तावेजों को जब्त कर लिया है तथा संपत्तियों के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।





































