|

बीकानेर:-फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागने की फिराक में था शातिर अपराधी,पुलिस ने दबौचा

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर के एक शातिर अपराधी द्वारा आपराधिक रिकॉर्ड छिपाकर सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ का फर्जी पता देकर पासपोर्ट बनवाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब तीन साल बाद इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर फर्जी पासपोर्ट जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान बंगला नगर निवासी मूलचंद जाट उर्फ मूलाराम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नोखा के झाड़ेली गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ बीकानेर के विभिन्न पुलिस थानों में जानलेवा हमले समेत 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इन्हीं मामलों के चलते उसका बीकानेर से पासपोर्ट बनना संभव नहीं था।


जेल में रची गई थी साजिश
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि फर्जी पासपोर्ट बनवाने की योजना बीकानेर केंद्रीय कारागृह में तैयार की गई थी। जेल में बंद रहने के दौरान मूलचंद की मुलाकात चूरू निवासी देवीसिंह से हुई, जिसने फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने अपना और पिता का नाम सही रखते हुए निवास स्थान सीकर के लक्ष्मणगढ़ का फर्जी पता दर्शाया और आपराधिक रिकॉर्ड छिपाकर वर्ष 2023 में सीकर पासपोर्ट कार्यालय से पासपोर्ट बनवा लिया।


तीन साल बाद खुला राज
बीकानेर पुलिस को मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू की गई और सीकर के लक्ष्मणगढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई। मुक्ताप्रसाद थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसका फर्जी पासपोर्ट जब्त कर लिया गया है। इसके बाद जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को लक्ष्मणगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
लक्ष्मणगढ़ थाने के एसआई दिलीप कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और फर्जी पासपोर्ट बनाने में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button