बड़ी खबर:-बीकानेर के ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में बड़ी चोरी, कीमती धातु के पुराने बर्तन पार,पुलिस जुटी जांच में

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक गजनेर पैलेस में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। पैलेस परिसर स्थित सरदार निवास का ताला तोड़कर अज्ञात चोर पुराने और कीमती पीतल, तांबा एवं कांसे के बर्तन चोरी कर ले गए। घटना के बाद ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, सरदार निवास के एक कमरे का ताला टूटा हुआ मिला। जब कर्मचारियों ने कमरे की जांच की तो वहां रखा पुराना और मूल्यवान सामान गायब था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चोर पीतल, तांबा और कांसे के पुराने बर्तनों के साथ अन्य सामान भी ले गए। चोरी हुए बर्तनों को काफी प्राचीन और ऐतिहासिक महत्व का बताया जा रहा है।

घटना के बाद गजनेर पैलेस के मैनेजर नारायण सिंह राठौड़ ने गजनेर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में किसी पर संदेह व्यक्त नहीं किया गया है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पैलेस और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।





































