Rajasthan-सिजेरियन डिलीवरी के बाद फिर बिगड़ी 5 प्रसूताओं की तबीयत, एक

जोधपुर। जोधपुर में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने का एक और मामला सामने आया है। पिछले दो दिनों में पांच प्रसूताओं की हालत बिगड़ने पर उन्हें विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से रेफर कर उम्मेद अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

उम्मेद अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहन मकवाना ने बताया कि सभी प्रसूताएं अलग-अलग सेंटर से रेफर होकर आई हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखना पड़ा, जबकि अन्य मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी मरीजों को एक जैसी दवाइयां दी जा रही हैं, इसलिए फिलहाल दवाइयों को लेकर किसी प्रकार का संदेह नहीं है। हालांकि यदि उच्च स्तर से निर्देश मिलते हैं तो दवाइयों की जांच भी करवाई जाएगी।
डॉ. मकवाना के अनुसार, इन सभी प्रसूताओं में सिजेरियन डिलीवरी के बाद अत्यधिक ब्लड लॉस हुआ था, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करना पड़ा।
फिलहाल चार प्रसूताओं को आईसीयू में भर्ती किया गया था। इनमें से एक वेंटिलेटर पर है, जबकि तीन अब भी आईसीयू में उपचाराधीन हैं। एक अन्य प्रसूता को सामान्य वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।





































