बीकानेर:नयाशहर पुलिस की बड़ी रेड,10 गिरफ्तार, कैसिनो की 7 मशीनें जब्त

THE BIKANER NEWS:बीकानेर। जिले में अवैध जुए और कैसिनो संचालन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नया शहर थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रताप बस्ती क्षेत्र में संचालित एक कैसिनो पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 10 लोगों को हिरासत में लिया तथा 7 कैसिनो मशीनें और नकदी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन तथा वृताधिकारी रोहित गोदारा के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी कविता पूनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रताप बस्ती स्थित ठिकाने पर छापा मारकर अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़ किया।
पुलिस की रेड की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कैसिनो संचालन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी संदेह के दायरे में है, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं। अवैध जुए और कैसिनो संचालन के खिलाफ पुलिस की यह कार्रवाई जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।





































