|

बीकानेर जल संकट: कांग्रेस जोशी का भाजपा सरकार पर हमला, 485 करोड़ के प्रोजेक्ट को बताया ‘बीरबल की खिचड़ी’

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर में चल रही नहर बंदी के बीच गहराते जल संकट को लेकर अब सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता आनंद कुमार जोशी ने राज्य की भाजपा सरकार, मंत्रियों और जलदाय विभाग (PHED) के अधिकारियों पर बीकानेर की जनता के साथ धोखा करने का गंभीर आरोप लगाया है। जोशी ने कहा कि सरकार और अधिकारियों की मिलीभगत के कारण करोड़ों रुपये के पेयजल प्रोजेक्ट जानबूझकर पूरे नहीं होने दिए जा रहे हैं, जिसके चलते जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही है और शहर में टैंकर माफिया हावी हो गए हैं।

‘बीरबल की खिचड़ी’ बने जलाशय

कांग्रेस नेता आनंद जोशी ने आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शासनकाल में बीकानेर की जल समस्या के स्थायी समाधान के लिए जलाशय स्वीकृत किए गए थे। मई 2022 में 485 करोड़ रुपये की लागत से चक गरबी और बिछवाल में जलाशय निर्माण और ऑफशोर डिस्ट्रीब्यूशन टंकी का काम ‘महादेव इंफ्रा’ नामक कंपनी को सौंपा गया था। इस प्रोजेक्ट की अवधि 2024 तक थी।

​उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार के भ्रष्ट तंत्र ने इसे ‘बीरबल की खिचड़ी’ बना दिया है। समय सीमा बीत जाने के बावजूद अब तक मात्र 60 प्रतिशत काम ही पूरा हो पाया है और फिलहाल महादेव इंफ्रा का काम पूरी तरह से बंद पड़ा है।

अधिकारियों और कंपनी पर साठगांठ का आरोप

जोशी ने जलदाय विभाग के अफसरों पर निशाना साधते हुए कई गंभीर सवाल खड़े किए:

  • ​इतने बड़े प्रोजेक्ट को अब तक इतना हल्के में क्यों लिया जा रहा है?
  • ​काम बंद होने के बावजूद महादेव इंफ्रा कंपनी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
  • ​समय पर काम पूरा न करने वाली फर्म पर अब तक पेनल्टी क्यों नहीं लगाई गई?

​उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने अपनी मनमर्जी से पाइपलाइनें डलवाई हैं और इस पूरे मामले में भाजपा के मंत्रियों, नेताओं और अफसरों की कंपनी के साथ स्पष्ट मिलीभगत है। इसी कारण अफसरों की चांदी हो रही है और जनता त्रस्त है।

पुराने कुओं की अनदेखी पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि कांग्रेस राज में शहरी क्षेत्र के पुराने कुओं को चालू किया गया था, जिन पर सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च किए थे। लेकिन आज नहर बंदी के इस संकट काल में जलदाय विभाग उन कुओं का उपयोग नहीं कर रहा है, जिससे सरकारी पैसा व्यर्थ हो रहा है और जनता को राहत नहीं मिल पा रही है।

सोमवार तक का अल्टीमेटम

प्रशासन और सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कांग्रेस नेता आनंद कुमार जोशी ने चेतावनी दी है कि यदि जलदाय विभाग ने सोमवार तक लापरवाह कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की, तो वह जनता के साथ मिलकर उग्र विरोध प्रदर्शन करेंगे और मामले में कानूनी कार्रवाई का भी सहारा लेंगे।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button