इस कॉलोनी में चौकीदार का मिला शव,हत्या की आशंका


बीकानेर। शहर के जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मदन विहार कॉलोनी स्थित एक प्लॉट में चौकीदारी कर रहे बुजुर्ग का शव संदिग्ध हालात में मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
मृतक की पहचान 70 वर्षीय भंवर लाल रेंगर पुत्र घीसाराम, निवासी शिवबाड़ी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अज्ञात हमलावरों ने गला रेतकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ अनुष्ठा कालिया और थानाधिकारी विक्रम तिवारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने तुरंत एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि जिस प्लॉट में चौकीदारी की जा रही थी, वह जैसलमेर निवासी कुंदन सिंह का है। मृतक भंवर लाल हाल ही में 30 मार्च को ही इस स्थान पर काम पर लगे थे, जिससे मामला और भी संदिग्ध बन गया है।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच कर रही है। इस वारदात के बाद इलाके में भय और दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोग भी घटना से स्तब्ध हैं।






































