बीकानेर में विज्ञान दिवस पर उत्साह, छात्रों ने मॉडल प्रदर्शनी से दिखाई प्रतिभा

बीकानेर। नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल बीकानेर में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर भारतीय वैज्ञानिक एवं नोबेल पुरस्कार विजेता सी वी रमन की स्मृति में कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया से पधारे प्रोफेसर ओ. के. हर्ष तथा पूर्व रीजनल ऑफिसर (विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी) सुनील बोड़ा ने छात्रों द्वारा बनाए गए मॉडलों का निरीक्षण किया। प्रो. हर्ष ने विद्यार्थियों को क्वांटम सिद्धांत, मंगलयान, चंद्रयान एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे आधुनिक वैज्ञानिक विषयों की जानकारी दी और जिज्ञासा एवं शोध भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
सुनील बोड़ा ने विज्ञान की मूल अवधारणाओं को सरल भाषा में समझाते हुए कार्य, शक्ति, नाभिकीय ऊर्जा, ऊष्मा और पलायन वेग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रकाश डाला। चंद्रशेखर आचार्य एवं सोमनारायण पुरोहित ने विज्ञान के साथ मानवीय मूल्यों को अपनाने की आवश्यकता बताई।
करुणा क्लब के रमेश मोदी व गिरिराज खैरीवाल ने विद्यार्थियों के मॉडलों की सराहना की, जबकि मोहम्मद फारूक ने वैश्विक परिप्रेक्ष्य में ऊर्जा के महत्व को रेखांकित किया।
विद्यार्थियों ने ऊर्जा, तरंग, प्रकाशिकी, अंतरिक्ष विज्ञान, पर्यावरण एवं वाटर हार्वेस्टिंग जैसे विषयों पर मॉडल प्रस्तुत किए। छात्राओं ने जीव विज्ञान, शरीर के अंगों, डीएनए तथा अनुकूलन जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में संस्था सचिव राजेश रंगा ने स्टाफ व विद्यार्थियों की मेहनत की प्रशंसा की। हरिनारायण आचार्य ने शिक्षकों का सम्मान कर सभी का आभार व्यक्त किया।






































