शहर के इस थाना क्षेत्र में युवक ने फांसी लगाकर समाप्त की जीवनलीला

बीकानेर।शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में एक 40 वर्षीय व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना बांद्रा बास क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक की पहचान इमरान अली (40) पुत्र यूसुफ अली के रूप में हुई है, जिसने 20 जनवरी को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

इस संबंध में मृतक के भाई इस्पाक अली ने कोटगेट थाने में मर्ग रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि 19 जनवरी की रात करीब दस बजे इमरान अली खाना खाकर अपने कमरे में सो गया था। 20 जनवरी की सुबह करीब नौ बजे जब उसे चाय के लिए आवाज लगाई गई और उसके कमरे में जाकर देखा गया तो कमरे का गेट अंदर से बंद था और ऊपर से खुला हुआ था।
दरवाजा खोलने पर इमरान अली चुन्नी से फांसी का फंदा लगाकर पंखे से लटका हुआ मिला। परिजनों द्वारा तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई की।
पुलिस ने इस्पाक अली की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




































