मिस्टर बीकानेर’ बनने को बेताब खिलाड़ी,दिल्ली से मंगवाए गए विशेष इनाम

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। हवेलियों के शहर बीकानेर में अब फिटनेस का रोमांच सिर चढ़कर बोलने वाला है। जिला बॉडी बिल्डिंग संगम बीकानेर और वाई एन पी फिटनेस एंड जिम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित जिला स्तरीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता “मिस्टर बीकानेर” को लेकर जिले भर के खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह है।

27 दिसंबर को सजेगा मंच
यह प्रतियोगिता 27 दिसंबर को गोकुल सर्किल स्थित किराडूओं की बगेची में आयोजित की जाएगी। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं और यह आयोजन जिले के उभरते हुए बॉडी बिल्डर्स के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का एक शानदार मंच साबित होगा।
खिलाड़ियों के लिए सब कुछ निःशुल्क
संगम के सचिव एडवोकेट कपिल नारायण पुरोहित ने प्रतियोगिता की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आयोजकों का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है। इसी सोच के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए एंट्री पूरी तरह से निशुल्क रखी गई है। इतना ही नहीं, स्टेज पर प्रदर्शन के लिए जरूरी महंगी टैन क्रीम (Tan Cream) की व्यवस्था भी खिलाड़ियों के लिए फ्री रहेगी।
दिल्ली से आए विशेष इनाम
प्रतियोगिता को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। विजेताओं को सम्मानित करने के लिए दिल्ली से विशेष आकर्षक इनाम और ट्राफियां मंगवाई गई हैं, जो खिलाड़ियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगी।




































