बीकानेर से बड़ी खबर—15 वर्षीय नाबालिग लापता, परिजनों में बढ़ी चिंता

श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के सतासर गांव से एक नाबालिग के लापता होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय बालक सोमवार सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर परिजन चिंतित हो गए।

नाबालिग के पिता प्रेमाराम पुत्र गोपालराम सुथार ने अज्ञात व्यक्ति पर शक जताते हुए श्रीडूंगरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 9 दिसंबर की सुबह करीब 10 बजे उसका बेटा स्कूल के लिए निकला, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा और न ही किसी से संपर्क हो पाया।
शनिवार को पुलिस ने पिता की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम क्षेत्र में सीसीटीवी खंगालने के साथ ही आस-पास के गांवों में नाबालिग की तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को बालक के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत श्रीडूंगरगढ़ थाने से संपर्क करें।





































