बीकानेर में मानवता शर्मसार,18 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के बाद हत्या

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर में 18 वर्षीय युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। दरिंदगी की हद पार करते हुए आरोपियों ने युवती को पानी की डिग्गी में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामला श्रीडूंगरगढ़ के सेरूणा का है, इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे श्रीडूंगरगढ़ हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं।

क्या है पूरा मामला (माँ की जुबानी):
मृतका की माँ ने पुलिस को बताया कि घटना 3 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे की है।
खेत में काम करने वाले एक मजदूर ने ढाणी में आकर ठंड का हवाला देते हुए चाय मांगी।
माँ ने चाय बनाकर अपनी 18 वर्षीय बेटी को उन्हें देने के लिए भेजा। कुछ देर बाद बेटी के चिल्लाने की आवाज आई। जब माँ मौके पर पहुंची, तो देखा कि दो मजदूरों ने बेटी को दबोच रखा था।
माँ के विरोध करने और चिल्लाने पर आरोपियों ने बेटी को पानी की डिग्गी में फेंक दिया और माँ के साथ धक्का-मुक्की करके मौके से फरार हो गए।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप और एफआईआर:
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में मामले को गंभीरता से नहीं लिया और इसे सामान्य घटना मानते हुए केवल ‘मर्ग’ दर्ज किया। इसके विरोध में परिजन और ग्रामीण थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। भारी विरोध के बाद, पुलिस ने देर रात 12 बजे हत्या और रेप की धाराओं में मामला दर्ज किया।
शुक्रवार सुबह से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन श्रीडूंगरगढ़ हॉस्पिटल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे हैं। वे आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त सजा की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में श्रीडूंगरगढ़ सीओ निकेत पारीक का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




































