कोड़मदेसर नहर में गिरे दो युवक, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी

बीकानेर। जिले के गजनेर थाना क्षेत्र में स्थित कोड़मदेसर नहर में दो युवकों के गिरने की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक युवक का शव नहर से बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि नहर में दो युवक गिरे थे, जिनमें से एक को बाहर निकाल लिया गया है, जबकि दूसरे युवक की तलाश लगातार जारी है।
थानाधिकारी गजनेर राकेश स्वामी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी और सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल दोनों युवकों के नहर में गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना भिजवाई है ताकि मृतक की पहचान हो सके। मामले की जांच जारी है।






































