Breaking:-कल रात पब्लिक पार्क बना जंग का मैदान,दो गुटों में जमकर चले लाठी-पत्थर, इलाके में दहशत

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में गिने जाने वाले पब्लिक पार्क में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब खानाबदोश समुदाय के दो गुट आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प के कारण मुख्य मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

राहगीर सहमे, छुड़ाने आए लोगों को भी पीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा करीब 10 मिनट तक चला। दोनों गुटों के लोग हाथों में लाठियां लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े और भारी-भरकम पत्थर फेंकने लगे। सड़क पर चल रहे वाहन चालक और राहगीर डर के मारे रुक गए। जब कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी लाठियों से वार कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर और बढ़ गया।
महिलाएं भी नहीं रहीं पीछे
इस मारपीट में केवल पुरुष ही नहीं, बल्कि महिलाएं भी शामिल थीं। उनके हाथों में भी लाठियां थीं और वे भी एक-दूसरे पर हमला करती नजर आईं। बताया जा रहा है कि झगड़े में शामिल परिवार दिन में इसी इलाके में गुब्बारे बेचने और ट्रैफिक पॉइंट्स पर गाड़ियों के शीशे साफ करने का काम करते हैं।
एक युवक गंभीर घायल, पुलिस ने सबको दबोचा
मारपीट के दौरान एक युवक के सिर पर लाठी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, कई अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस ने झगड़े में शामिल सभी लोगों को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है कि आपसी रंजिश या किस विवाद के चलते यह खूनी संघर्ष हुआ।




































