Rajasthan:-जाली नोट छापने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़,लाख के जाली नोट और प्रिंटिंग सेटअप बरामद


THE BIKANER NEWS:-दौसा/किशनगढ़: राजस्थान में नकली भारतीय मुद्रा के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए दौसा पुलिस ने 500 रुपये के जाली नोट छापने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले में एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने मौके से 500-500 रुपये के 4,968 नकली नोट बरामद किए, जिनकी कुल कीमत 24 लाख 84 हजार रुपये है।
जाली नोट छापने का पूरा सेटअप और उपकरण भी पुलिस द्वारा जब्त कर लिया गया है।
एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने 28 मई को 40 हजार रुपये के नकली नोटों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया, जिसके पास से 47 हजार रुपये के नकली नोट मिले थे। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर हरियाणा के फरीदाबाद में दबिश दी और मुख्य गिरोह तक पहुंच गई।
फरीदाबाद में चल रहे छापाखाने से भारी मात्रा में उपकरण जब्त किए गए हैं। पुलिस ने 11 हाई-क्वालिटी प्रिंटर, दो लैपटॉप, छह पेपर रोल, केमिकल, ब्रश, कटर, वाटरमार्क, डाई और विशेष कागज सहित कई अन्य उपकरण बरामद किए हैं।
गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपियों में शामिल हैं:
आयुष कुमार मीणा (19 वर्ष), निवासी दौसा।
संतोष सिंह वाल्मीकि (33 वर्ष), निवासी फरीदाबाद।
विशाल उपाध्याय (42 वर्ष), निवासी झारखंड।
किशनगढ़ और अजमेर कनेक्शन:
इस पूरे प्रकरण का किशनगढ़ से भी कनेक्शन सामने आया है। मदनगंज थाना पुलिस ने नकली नोट प्रकरण में नितेश रावत (सुमेरनगर, मदनगंज), अजय मीना (मालपुरा रोड, दूदू) और नवीन कोमल रेगर (कल्याणीपुरा, अजमेर) से पूछताछ की है। पूछताछ में यह जानकारी मिली कि पकड़े गए 500-500 के तीन नकली नोट दौसा निवासी कुलदीप गुर्जर उर्फ केडी से लाए गए थे।
आरोपियों को रिमांड:
मदनगंज थाना पुलिस ने भारतीय मुद्रा के जाली नोटों के कारोबार प्रकरण में नितेश रावत (24) को रविवार को गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंप दिया गया। इसके अलावा, अजय मीना (21) और नवीन कोमल रेगर (26) को भी सोमवार को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने इन दोनों को भी पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं। वहीं, पूर्व में पकड़ा गया एक अन्य आरोपी पहले से ही तीन दिन के रिमांड पर चल रहा है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है।





































