अजब-गजब चोरी: ज्वैलरी शॉप से 1 लाख की सोने की चेन लेकर उड़ा कबूतर

THE BIKANER NEWS:बीकानेर, गुरुवार को एक बेहद अजीबोगरीब घटना सामने आई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहाँ एक कबूतर ज्वैलरी की दुकान (वर्कशॉप) से सोने की चेन लेकर उड़ गया। गनीमत यह रही कि चेन वापस मिल गई, लेकिन कुछ देर के लिए दुकानदारों और कारीगरों की सांसें अटक गई थीं।

क्या है पूरा मामला?
घटना राजस्थान के नागौर जिले के डेगाना के रामेश्वर प्लाजा की है। जानकारी के अनुसार, प्लाजा में स्थित एक दुकान के ऊपर बने कमरों में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे कारीगर गहने बनाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान कमरे की बालकनी की खिड़की पर कुछ कबूतर आकर बैठ गए।
कारीगर सामीन बंगाली ने बताया कि काम करते वक्त कारीगरों का ध्यान जैसे ही इधर-उधर हुआ, एक कबूतर ने वहां रखी करीब 1 लाख रुपये की सोने की चेन अपनी चोंच में दबा ली। कबूतर ने जैसे ही गर्दन हिलाई, चेन फिसलकर उसके गले में आ गई। इसके बाद वह उड़कर सीधे इमारत की छत पर जा बैठा।
मच गई अफरा-तफरी
अचानक हुए इस घटनाक्रम से कारीगर सकते में आ गए। खबर फैलते ही आसपास की दुकानों के व्यापारी भी दुकान के बाहर इकट्ठे हो गए। हर किसी की नजर छत पर बैठे उस कबूतर पर थी, जिसके गले में सोने की चेन थी।
ऐसे वापस मिली चेन
व्यापारियों और कारीगरों ने सूझबूझ से काम लिया। कुछ लोग धीरे-धीरे कबूतर को पकड़ने के लिए छत पर चढ़े। उन्होंने कबूतर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह उड़ गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उड़ने के दौरान सोने की चेन कबूतर के गले से निकलकर वहीं दुकान की छत पर गिर गई, जिसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।



































