बीकानेर पुलिस को सनसनीखेज हत्याकांड में बड़ी सफलता,11 महीने से फरार 10-10 हजार के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जयनारायण व्यास कॉलोनी (JNVC) थाना क्षेत्र में एक साल पहले हुई एक वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को धर दबोचा है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आकाश चौधरी और रोहित राजपूत के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ये दोनों आरोपी पिछले 11 महीनों से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए राजस्थान के विभिन्न जिलों में अपनी फरारी काट रहे थे।
क्या था मामला?
करीब एक साल पूर्व जेएनवीसी थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक वृद्ध महिला की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में तत्परता दिखाते हुए पहले भी कुछ गिरफ्तारियां की थीं, लेकिन आकाश चौधरी और रोहित राजपूत लगातार फरार चल रहे थे। इन पर पुलिस की ओर से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश मेघवाल और एसपी मृदुल कच्छावा के कड़े सुपरविजन में अंजाम दी गई। एडिशनल एसपी (सिटी) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ के निर्देशन में सीओ सदर (IPS) अनुष्ठा कालिया ने इस ऑपरेशन को लीड किया। बदमाशों को पकड़ने में एएसआई दीपक यादव और उनकी विशेष टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।


































