BREAKING:-वाहन चालकों को झटका,इस प्राइवेट कंपनी ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए


THE BIKANER NEWS:;जयपुर/राजस्थान:राजस्थान में वाहन चालकों और आम जनता पर महंगाई की एक और मार पड़ी है। प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) ने प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी इजाफा कर दिया है। कंपनी ने पेट्रोल की कीमत में 5 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत में 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की है। बढ़ी हुई ये नई दरें गुरुवार सुबह से प्रदेशभर में लागू कर दी गई हैं।

इस बढ़ोतरी के बाद अब नायरा के फ्यूल पंपों पर तेल भरवाने वाले वाहन चालकों को पहले के मुकाबले ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। इसका सीधा असर ट्रांसपोर्ट सेक्टर, टैक्सी-ऑटो ड्राइवरों और रोजाना अपने निजी वाहनों का इस्तेमाल करने वाले लोगों की जेब पर पड़ेगा।
क्यों बढ़े दाम?
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में इस भारी बढ़ोतरी के पीछे मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में चल रहा उतार-चढ़ाव और ऑपरेटिंग लागत (Operating Cost) में हुई वृद्धि को कारण माना जा रहा है। गौरतलब है कि नायरा के पूरे देश में 6700 से ज्यादा पेट्रोल पंप हैं, जिनमें से 900 से अधिक पंप अकेले राजस्थान में संचालित हैं।
डीलरों का क्या कहना है?
इस फैसले पर राजस्थान नायरा पेट्रोल पंप डीलर, महेश राणा ने बताया कि, “यह फैसला कंपनी ने अपने स्तर पर लिया है। केंद्र से ही हमें ज्यादा कीमत पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध होगा, इसलिए हमें भी कंपनी के अनुरूप अपनी कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि चूंकि वे एक प्राइवेट कंपनी के डीलर हैं, इसलिए उन्हें सरकार की तरफ से किसी भी तरह की सब्सिडी का लाभ नहीं मिलता है।





































