आधी रात को ढही पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार, बड़ा हादसा टला

बीकानेर। गंगाशहर थाना क्षेत्र के नोखा रोड स्थित हंसा गेस्ट हाउस के सामने एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत की दीवार देर रात अचानक भरभराकर ढह गई। हादसा रात करीब दो बजे हुआ। गनीमत रही कि उस समय सड़क और गली में कोई आवाजाही नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीवार गिरते ही तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और भारी मात्रा में मलबा गली में फैल गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। मलबे के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चेतावनियों को किया नजरअंदाज
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार सवाल उठाए गए थे। मोहल्लेवासियों ने भवन मालिक को निर्माण की मजबूती और सुरक्षा संबंधी खामियों के बारे में आगाह किया था, लेकिन उनकी चेतावनियों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
आसपास के मकानों को नुकसान
दीवार गिरने से आसपास के कई मकानों को नुकसान पहुंचा है। मलबा घरों की दीवारों और बाहरी हिस्सों तक पहुंच गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह घटना दिन के समय होती तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।शेष भवन की सुरक्षा पर उठे सवाल घटना के बाद निर्माणाधीन भवन के बचे हुए हिस्से की मजबूती को लेकर भी लोगों में चिंता बनी हुई है।





































