व्यापार उद्योग मंडल ने कल बीकानेर बंद का किया आह्वान, ‘फन्ना बाबू’ को दी श्रद्धांजलि


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। बीकानेर के प्रसिद्ध उद्योगपति, समाजसेवी और बीकाजी ग्रुप के सीएमडी श्री शिवरतन अग्रवाल (फन्ना बाबू) के आकस्मिक निधन से पूरे शहर और व्यापार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके सम्मान और श्रद्धांजलि स्वरूप बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने कल, 24 अप्रैल 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक बीकानेर बंद का आह्वान किया है।

व्यापार जगत को बड़ी क्षति
बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के अध्यक्ष जुगल राठी और सचिव संजय जैन सांड ने बताया कि श्री अग्रवाल का चेन्नई में आकस्मिक निधन न केवल व्यापारिक जगत बल्कि समस्त बीकानेर के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मंडल ने उनके कार्यकाल के दौरान दी गई अतुलनीय सेवाओं और बीकानेर के सामाजिक व धार्मिक कार्यों में उनके योगदान को याद किया।
मंडल की ओर से सभी व्यापारियों और उद्योगपतियों से विनम्र निवेदन किया गया है कि वे कल दोपहर 2:00 बजे तक अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर “फन्ना बाबू” को श्रद्धा-सुमन अर्पित करें।
”श्री फन्ना बाबू का व्यक्तित्व श्रेष्ठ गुणों का संगम था। उनकी दूरदर्शिता ने उद्योग जगत को नई दिशा दी और एक सफल उद्योगपति के रूप में उन्होंने बीकानेर का नाम पूरे देश में गौरवान्वित किया।” — बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल
शोक संवेदनाएं
मंडल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्र श्री दीपक जी अग्रवाल, को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।





































