|

बीकानेर में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 22 हजार नशीली गोलियां व कैप्सूल बरामद, 1 गिरफ्तार

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए बीकानेर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत गंगाशहर थाना पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर भारी मात्रा में नशीली दवाइयां और कैप्सूल का जखीरा पकड़ा है। पुलिस ने मौके से एक युवक को हिरासत में लिया है।

किराए के मकान में छिपा रखा था जखीरा

थानाधिकारी परमेश्वर सुथार ने बताया कि कांस्टेबल मुखराम को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि एक घर में भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल और गोलियां रखी हैं। इस पर टीम ने घड़सीसर रोड स्थित एक मकान में दबिश दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मकान मालिक ने अपने घर का एक हिस्सा दो युवकों को किराए पर दे रखा था। इसी किराए के हिस्से से पुलिस को अवैध स्टॉक मिला है।

22 हजार कैप्सूल बरामद, एक आरोपी फरार

पुलिस ने मौके से विपिन नामक युवक को हिरासत में लिया है, जबकि उसका साथी अभिषेक अभी फरार है। यह दवाइयां विपिन के पास से ही बरामद हुई हैं। पुलिस को यहां से प्रीगैब्लिन (Pregabalin) और टैपेंटाडोल (Tapentadol) फॉर्मूले की करीब 22,000 दवाइयां मिली हैं। पुलिस के अनुसार, ये दवाइयां सामान्य तौर पर पेन किलर (दर्द निवारक) और इमरजेंसी मेडिसिन के रूप में काम आती हैं, लेकिन इनके लगातार उपयोग से नशे की लत लग जाती है।

मेडिकल स्टोर से जुड़ा है पूरा नेटवर्क

मामले की जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया है कि आरोपियों में से एक सादुलगंज स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहले काम कर चुका है। वह अपनी इसी जानकारी का फायदा उठाकर फिलहाल अलग-अलग मेडिकल स्टोर्स के जरिए इन नशीली दवाओं की अवैध सप्लाई कर रहा था।

आगे की जांच जारी

ड्रग इंस्पेक्टर की ओर से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई है। पुलिस का मानना है कि फरार चल रहे आरोपी अभिषेक की गिरफ्तारी के बाद इस अवैध दवा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कई और सफेदपोशों के नाम भी सामने आ सकते हैं।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button