|

बीकानेर:- 38 करोड़ की हेरोइन और 1.42 करोड़ की अवैध शराब जब्त,6 नशा तस्कर गिरफ्तार, पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई हेरोइन की खेप लेने पहुंचे थे आरोपी

THE BIKANER NEWS:;बीकानेर। बीकानेर रेंज पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। महानिरीक्षक पुलिस, बीकानेर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में अलग-अलग कार्रवाई कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 38 करोड़ रुपये कीमत की 13 किलो 953 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इसके अलावा बीकानेर और हनुमानगढ़ में अवैध अंग्रेजी शराब से भरे दो कैंटर जब्त कर कुल 1 करोड़ 42 लाख रुपये की शराब भी बरामद की गई है।


गोलूवाला में 9 किलो से अधिक हेरोइन बरामद
हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला थाना पुलिस ने 18 अक्टूबर 2026 को रोही अयालकी स्थित एमओडी नहर के पास कार्रवाई की। पुलिस टीम ने दो संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली। इस दौरान वाहनों से 9 किलो 821 ग्राम हेरोइन और 1 लाख 85 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से हासम अली, रवीना, गुलजारा और बलविंदर सिंह को गिरफ्तार किया। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त किया गया। पुलिस अब आरोपियों से नशे की खेप के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए आई हेरोइन की डिलीवरी लेने पहुंचे आरोपी गिरफ्तार


श्रीगंगानगर जिले के रावला थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए गिराई गई हेरोइन की डिलीवरी लेने पहुंचे थे।
पुलिस ने पंजाब के फाजिल्का निवासी जसविंद्र सिंह और जसवन्त सिंह को पकड़कर उनके कब्जे से 4 किलो 132 ग्राम हेरोइन बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में से एक पुलिस थाना रावला में 20 हजार रुपये और खाजूवाला में 15 हजार रुपये का इनामी वांछित बताया गया है।
बीकानेर में 72 लाख की शराब जब्त, दो गिरफ्तार
नशा तस्करी के साथ-साथ पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर भी कार्रवाई की। बीकानेर जिले के महाजन थाना पुलिस ने 780 पेटी अंग्रेजी शराब से भरा एक कैंटर जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत करीब 72 लाख रुपये बताई गई है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।


हनुमानगढ़ में 70 लाख की शराब पकड़ी
हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब से भरा कैंटर जब्त किया। कैंटर में 360 पेटी शराब भरी हुई थी, जिसकी कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
बीकानेर रेंज पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और अन्य संभावित सहयोगियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस की जांच में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी सामने आने की संभावना है।


‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत की गई इन कार्रवाइयों में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ और अवैध शराब की बरामदगी से नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई सामने आई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button