बीकानेर: मृत पशुओं की चर्बी से नकली घी बनाने के वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, मौके से ड्रम और सामान मिलने की जानकारी,पुलिस अलर्ट,जोड़बीड़ में जांच शुरू,

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। सोशल मीडिया पर रविवार दोपहर वायरल हुए एक वीडियो ने बीकानेर में हड़कंप मचा दिया। वीडियो में दावा किया गया कि शहर के जोड़बीड़ कंजर्वेशन एरिया में मृत पशुओं की चर्बी से नकली घी बनाया जा रहा है और इसे असली घी में मिलाकर बेचा जाता है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
वीडियो की जानकारी मिलने पर जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने जोड़बीड़ क्षेत्र में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों और कर्मचारियों से पूछताछ की। थानाधिकारी देवेंद्र के अनुसार, मौके से कुछ ड्रम और अन्य सामान मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, वहां घी बनाए जाने की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने वीडियो की पुष्टि से किया इनकार
थानाधिकारी ने वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। पुलिस को मौके पर मृत पशुओं की चमड़ी का ठेका लेने वाली फर्म के कर्मचारी मिले। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो जोड़बीड़ क्षेत्र का नहीं, बल्कि किसी अन्य स्थान का प्रतीत हो रहा है।
जीव रक्षा दल के संयोजक ने उठाए सवाल
पशु प्रेमी एवं जीव रक्षा दल के संयोजक मोहित भाटी ने बताया कि वीडियो मिलने के बाद उन्होंने भी मौके का मुआयना किया था। उनके अनुसार, मौके पर तीन घंटे पहले की स्थिति अलग थी, जबकि पुलिस के पहुंचने तक स्थिति बदल गई थी। उनके इस बयान के बाद मामले को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
देर रात तक वायरल वीडियो में किए गए दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां कहां की हैं और मौके से मिले ड्रम व सामान का वास्तविक उपयोग क्या था।
फिलहाल मृत पशुओं की चर्बी से नकली घी बनाने और उसे बाजार में बेचने का दावा अपुष्ट है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


































