राजस्थान में CJP के प्रदर्शन का असर, 9 ट्रेनें रद्द,पुलिस ने युवकों को दिल्ली जाने से रोका!

THE BIKANER NEWS:- दिल्ली में में 10 अक्टूबर को होने वाले कॉमरेड जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन का असर राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। श्रीगंगानगर में पुलिस ने CJP से जुड़े चार युवकों के घर पहुंचकर उन्हें दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने से मना किया। वहीं, रेलवे ने राजस्थान से चलने और गुजरने वाली 9 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें उदयपुर सिटी और श्रीगंगानगर से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें भी शामिल हैं।
पुलिस ने घर पहुंचकर युवकों को रोका
जानकारी के अनुसार, श्रीगंगानगर में गुरुवार सुबह पुलिस CJP से जुड़े चार युवकों के घर पहुंची और उन्हें दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जाने से मना किया। इनमें CJP कार्यकर्ता यश गोयल के पी-ब्लॉक स्थित घर पर भी पुलिस पहुंची।
इसके अलावा शहर के जितेंद्र और भाटी सहित कई कार्यकर्ताओं के घर भी पुलिस पहुंची। मुकलावा थाना क्षेत्र में भी एक युवक को दिल्ली जाने से रोके जाने की जानकारी सामने आई है। एक अन्य युवक का पता नहीं मिलने के कारण पुलिस उसके घर तक नहीं पहुंच सकी।
CJP कार्यकर्ता यश गोयल ने आरोप लगाया कि पुलिस लगातार पार्टी कार्यकर्ताओं पर नजर रख रही है और उन्हें दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का बयान—किसी को हिरासत में नहीं लिया
इस मामले में एडिशनल एसपी दीपक शर्मा ने बताया कि पुलिस ने घर-घर जाकर CJP कार्यकर्ताओं से समझाइश की है। फिलहाल कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन में जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को हिरासत में नहीं लिया गया है। श्रीगंगानगर जिले में अभी तक CJP की कोई कार्यकारिणी सामने नहीं आई है।
रेलवे ने 9 ट्रेनों को किया रद्द
दूसरी ओर, रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क पर भारी जाम लगने की आशंका को देखते हुए राजस्थान से चलने और गुजरने वाली नौ ट्रेनों को रद्द करने का फैसला किया है। इनमें उदयपुर सिटी, श्रीगंगानगर, इंदौर और कोटा से दिल्ली जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, रद्द की गई ट्रेनों में शामिल हैं:
ट्रेन नंबर 12964: उदयपुर सिटी से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली मेवाड़ एक्सप्रेस।
ट्रेन नंबर 12963: हजरत निजामुद्दीन से उदयपुर सिटी जाने वाली मेवाड़ एक्सप्रेस।
ट्रेन नंबर 14727: श्रीगंगानगर से दिल्ली के तिलक ब्रिज जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 14728: तिलक ब्रिज से श्रीगंगानगर जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 20155: डॉ. अंबेडकर नगर से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 09309: इंदौर से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 12415: इंदौर से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 12247: बांद्रा टर्मिनस से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन।
ट्रेन नंबर 12059: कोटा से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली ट्रेन।
यात्रियों के लिए जरूरी सूचना: यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का नंबर और संबंधित तारीख की स्थिति रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से जरूर जांच लें।
10 अक्टूबर को दिल्ली में प्रदर्शन का ऐलान
रिपोर्ट के अनुसार, CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी नेता अभिजीत दीपके ने 2 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि यदि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते हैं, तो देशभर से लोग दिल्ली पहुंचेंगे।
इस प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले श्रीगंगानगर में पुलिस की कार्रवाई और रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द किए जाने का मामला चर्चा में है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कार्यकर्ता को हिरासत में नहीं लिया गया है।




































