|

बीकानेर नगर निगम चुनाव: टिकट से पहले ही सोशल मीडिया पर ‘प्रत्याशी’ बने दावेदार, एआई पोस्टर्स ने बढ़ाया भ्रम

बीकानेर। नगर निगम चुनाव को लेकर बीकानेर के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। टिकट वितरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस, दोनों ही प्रमुख दलों में मंथन का दौर लगातार जारी है। बीकानेर से लेकर जयपुर तक बड़े नेताओं के यहां बैठकों और चर्चाओं का सिलसिला चल रहा है तथा दावेदारों के नामों को लेकर पल-पल की अपडेट ली जा रही है।

लेकिन चुनावी सरगर्मी के बीच सबसे दिलचस्प और भ्रमित करने वाला नजारा सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है। टिकट मिलने की आधिकारिक घोषणा से पहले ही दावेदारों और उनके समर्थकों की ओर से फेसबुक, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं।

खास बात यह है कि इस बार तकनीक का सहारा लेकर अफवाहों को भी सच जैसा दिखाने की कोशिश की जा रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर में टिकट फाइनल होने से पहले ही बधाई और धन्यवाद के पोस्टर तेजी से वायरल होने लगे हैं। इन पोस्टर्स में दावेदार स्थानीय विधायक, सांसद और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की तस्वीरों के साथ खुद को पार्टी का ‘आधिकारिक प्रत्याशी’ बताने तक से नहीं चूक रहे।

इतना ही नहीं, सोशल मीडिया पर चर्चाओं का बाजार इस कदर गर्म है कि कुछ नेता पार्टी आलाकमान से फोन आने और टिकट तय होने जैसे बड़े-बड़े दावे भी कर रहे हैं। ऐसे दावों और वायरल पोस्टर्स ने आम जनता के साथ-साथ पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ताओं को भी असमंजस में डाल दिया है।

अब देखना यह होगा कि सोशल मीडिया पर खुद को प्रत्याशी घोषित कर रहे इन दावेदारों में से किसके दावे सच साबित होते हैं और किसे पार्टी का आधिकारिक टिकट मिलता है। फिलहाल, टिकटों की असली तस्वीर सामने आने तक बीकानेर की चुनावी राजनीति में दावों, पोस्टरों और अफवाहों का दौर जारी रहने की संभावना है।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button