|

बस यात्रियों के लिए बड़ी खबर: राजस्थान में आज आधी रात से थमेंगे निजी बसों के पहिए

जयपुर। राजस्थान में निजी बस ऑपरेटरों ने एक बार फिर अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। नियम विरुद्ध संचालन करने वाली बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई के विरोध में प्रदेशभर के निजी बस ऑपरेटर, बस मालिक और ट्रैवल्स एजेंट 10 अगस्त की रात 11:59 बजे से बसों का संचालन बंद करेंगे। हड़ताल के चलते प्रदेश में यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है।

परिवहन विभाग की ओर से फिटनेस, परमिट, मॉडिफाइड वाहनों सहित सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कार्रवाई के विरोध में बस ऑपरेटरों ने आंदोलन का निर्णय लिया है।

ऑल राजस्थान कॉन्ट्रैक्ट कैरिज बस ऑपरेटर एसोसिएशन के राजेंद्र शर्मा के अनुसार रविवार को हुई बैठक में अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया गया। ऑपरेटरों का आरोप है कि फरवरी में पिछली हड़ताल खत्म कराने के दौरान हुए समझौते में जिन मुद्दों पर सहमति बनी थी, उनका परिवहन विभाग ने पालन नहीं किया।

करीब 30 हजार बसों का संचालन प्रभावित होने का दावा
बस ऑपरेटरों का दावा है कि हड़ताल के कारण प्रदेशभर में करीब 30 हजार बसों का संचालन प्रभावित होगा। इसके साथ ही ऑनलाइन बस बुकिंग भी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।

एसोसिएशन ने प्रदेश के सभी बस ऑपरेटरों और ट्रैवल्स एजेंटों से 10 अगस्त से हड़ताल समाप्त होने तक किसी भी बस की ऑनलाइन बुकिंग नहीं करने और सभी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बुकिंग चार्ट बंद रखने की अपील की है।

ऑनलाइन बुकिंग खुली मिली तो कार्रवाई की चेतावनी

एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के दौरान यदि किसी बस ऑपरेटर या ट्रैवल्स एजेंसी का ऑनलाइन बुकिंग चार्ट खुला पाया गया तो संगठन के नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

मांगों का समाधान होने तक जारी रहेगा आंदोलन

बस ऑपरेटरों का कहना है कि यह आंदोलन बस व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों के हितों को लेकर किया जा रहा है। परिवहन विभाग की कार्रवाई से जुड़े मुद्दों का समाधान होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही गई है।
हड़ताल के कारण प्रदेश में लंबी दूरी की निजी बस सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले बस सेवा और ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button