जैसलमेर में दर्दनाक हादसा: ऊंट से टकराकर 5 बार पलटी सेना की SUV, मेजर की मौत

जैसलमेर। राजस्थान के सीमावर्ती जिले जैसलमेर में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के 26 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की मौत हो गई। हादसा थईयात आर्मी एरिया के पास उस समय हुआ, जब सेना की SUV सड़क पर अचानक आए ऊंट से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन करीब पांच बार पलटने के बाद लगभग 100 मीटर तक घिसटता चला गया। हादसे में ऊंट की भी मौके पर मौत हो गई।

सदर थाने के एएसआई जगदीश चारण के अनुसार, हादसा रात करीब 12:30 बजे हुआ। मेजर हमजा आरिफ अपने दो सैन्य अधिकारियों के साथ ड्यूटी पूरी कर आर्मी स्टेशन लौट रहे थे। शहर से करीब 18 किलोमीटर दूर अचानक सड़क पर ऊंट आ जाने से तेज रफ्तार SUV उससे जा भिड़ी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और मिलिट्री पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तीनों सैन्य अधिकारियों को तत्काल थईयात सेना अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने मेजर हमजा आरिफ को मृत घोषित कर दिया।
दो अधिकारी गंभीर घायल
हादसे में लेफ्टिनेंट आयुष्मान और लेफ्टिनेंट अभिनव राठौड़ गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों का सेना अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
एक महीने पहले ही हुई थी शादी
मेजर हमजा आरिफ मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि उनकी शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
फिलहाल स्थानीय पुलिस और मिलिट्री पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के तकनीकी कारणों और दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।




































