बीकानेर रेंज पुलिस की सोशल मीडिया पर भगोड़ों (फरार अपराधियों) को फॉलो करने वालो पर अनूठी और प्रभावी कार्यवाही

THE BIKANER NEWS:-बीकानेरअपराध नियंत्रण और अपराधियों पर नकेल कसने के उद्देश्य से बीकानेर रेंज पुलिस द्वारा एक अनूठी और प्रभावी कार्रवाई सामने आई है। रेंज पुलिस के विशेष अभियान के तहत सोशल मीडिया पर सक्रिय भगोड़ों (फरार अपराधियों) और उनके नाम से संचालित ग्रुप्स का महिमामंडन करने वाले तथा उन्हें फॉलो करने वाले युवाओं की प्रोफाइलिग की गई, जिसके शानदार परिणाम सामने आए हैं।

14 से 35 वर्ष के युवा हो रहे थे आकर्षित
रेंज पुलिस के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया कि विभिन्न भगोड़ों के नाम से संचालित सोशल मीडिया ग्रुप्स की ओर 14 से 35 वर्ष के युवा तेजी से आकर्षित हो रहे थे। इन फॉलोवर्स में से अधिकांश युवा 15 से 30 वर्ष के बीच के हैं जो छात्र जीवन में हैं और परिणामों से अनभिज्ञ हैं। वर्ष 2018 से 2022 के बीच अधिकांश सोशल मीडिया अकाउंट्स बनाए गए थे और 2023 से 2026 के दौरान इनमें और तेजी आई। ये युवा सोशल मीडिया पर इन अपराधियों को अपना रोल मॉडल मानकर उनके जैसा दिखना चाह रहे थे।
रेंज स्तर पर प्रोफाइलिग और पुलिस की काउंसलिंग
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स (Instagram, Facebook, Twitter आदि) पर भगोड़ों के साथ जुड़ने वाले फॉलोवर्स की रेंज स्तर पर प्रोफाइलिग तैयार की गई। रेंज सोशल मीडिया टीम द्वारा भगोड़ों के अकाउंट्स को हैंडल व फॉलो करने वाले 8,139 फॉलोवर्स को चिन्हित कर उनमें से लगभग 252 युवाओं की प्रोफाइलों का गहन विश्लेषण किया गया।
रेंज स्तर पर इन युवाओं से संपर्क कर उन्हें सोशल मीडिया पर भगोड़ों को फॉलो करने के मानसिक हालात से अवगत कराकर इस चंगुल से छुटकारा दिलाया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य इन युवाओं को सही दिशा दिखाना है ताकि उनका भविष्य अंधकारमय न हो।
साइबर स्पेस का दुरुपयोग और पुलिस की सख्त मॉनिटिरिंग
बीकानेर रेंज में आपराधिक तत्वों द्वारा इंटरनेट, साइबर स्पेस व सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर आधुनिक तकनीकी ऐप्स की सहायता से गंभीर अपराध कारित करने वाले अपराधियों की प्रोफाइल को युवा व किशोर अवस्था के लड़के-लड़कियों द्वारा बढ़ावा दिया जा रहा था। रेंज महानिरीक्षक पुलिस के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार प्रभावी मॉनिटिरिंग जारी है।
कार्रवाई के आंकड़े और प्रभाव
रेंज पुलिस के प्रभावी अभियान और समझाइश के परिणामस्वरूप भगोड़ों की सोशल मीडिया फॉलोवर्स और महिमामंडन करने वाले आपराधिक पोस्टों को लाइक/फॉलो करने वाले फॉलोवर्स की संख्या में भारी कमी आई है:
सोशल मीडिया फॉलोवर्स व महिमामंडन करने वाले आपराधिक पोस्टों को फॉलो/लाइक करने वाले फॉलोवर्स में आई कमी 28,234 तथा डिलीट हुए 35 ग्रुप्स में फॉलोवर्स की संख्या 1,84,915 मिलाकर कुल फॉलोवर्स की संख्या में 2,13,149 की भारी कमी दर्ज की गई है।
पुलिस की आमजन से अपील:
पुलिस विभाग ‘आमजन में विश्वास व अपराधियों में भय’ के ध्येय को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस लगातार मॉनिटिरिंग और जागरूकता अभियान से राजस्थान पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।





































