बीकानेर में संदिग्ध हादसे में घायल स्कूटी सवार के बैग से 3 पैकेट हेरोइन बरामद,पीबीएम में भर्ती


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर:जिले के पूगल थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना की सूचना पुलिस के लिए एक बड़ी कार्रवाई में तब्दील हो गई। इलाके के टावर फांटे के पास एक संदिग्ध हादसे में घायल हुए स्कूटी सवार युवक के बैग से पुलिस ने हेरोइन की बड़ी खेप बरामद की है। फिलहाल, युवक को गंभीर हालत में पीबीएम (PBM) अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

हादसे की सूचना पर पहुंची थी पुलिस, बैग में मिला नशा
जानकारी के अनुसार, पूगल थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से टावर फांटे के पास एक एक्सीडेंट होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले घायल अवस्था में पड़े स्कूटी सवार युवक को रेस्क्यू किया और उसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इसी दौरान जब पुलिस ने नियमनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन और युवक के सामान (बैग) की तलाशी ली, तो टीम के होश उड़ गए। बैग के अंदर से हेरोइन के तीन पैकेट बरामद हुए।
ड्रोन ड्रॉपिंग से जुड़े हो सकते हैं तार
अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक होने के कारण इस पूरी घटना को बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस प्रथम दृष्टया इस मामले को पार-पार से होने वाली ‘ड्रोन ड्रॉपिंग’ की घटना से जोड़कर देख रही है। आशंका जताई जा रही है कि यह युवक तस्करों के नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है जो ड्रोन द्वारा गिराई गई हेरोइन की खेप की डिलीवरी लेने पहुंचा था और जल्दबाजी या किसी अन्य कारण से हादसे का शिकार हो गया।
जांच में जुटे आला अधिकारी
फिलहाल घायल तस्कर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका पीबीएम अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज चल रहा है। पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। इस पूरे प्रकरण की जांच डीवाईएसपी (DYSP) अमरजीत चावला और पूगल थानाधिकारी समरवीर सिंह कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसे किसे डिलीवर किया जाना था। घायल युवक के होश में आने के बाद पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।





































