बड़ी खबर- इस दिन आएगा दसवीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम


बीकानेर। राजस्थान के लाखों विद्यार्थियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) द्वारा 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 24 मार्च 2026, मंगलवार को घोषित किया जाएगा। बोर्ड प्रशासन ने इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बार का रिजल्ट कई मायनों में ऐतिहासिक रहने वाला है। पहली बार ऐसा हो रहा है कि 10वीं कक्षा का परिणाम 12वीं से पहले जारी किया जा रहा है। इसके साथ ही बोर्ड के इतिहास में यह भी पहली बार है जब मार्च महीने में ही परिणाम घोषित किया जा रहा है, जबकि आमतौर पर रिजल्ट अप्रैल से जून के बीच आता है।
इस बदलाव के पीछे राज्य सरकार की नई पहल है। सरकार ने 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते बोर्ड ने समय से पहले परिणाम जारी करने का निर्णय लिया है। इससे विद्यार्थियों को अगली कक्षा में प्रवेश लेने में कोई परेशानी नहीं होगी और पूरा शैक्षणिक सत्र समय पर संचालित हो सकेगा।
गौरतलब है कि इस वर्ष RBSE 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में प्रदेशभर से करीब 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी शामिल हुए थे, जो अब अपने परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।






































