तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत, चालक फरार

बीकानेर। खाजूवाला पुलिस थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना बीकानेर सड़क मार्ग पर माधडीग्गा के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर खाजूवाला पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने दोनों घायलों को खाजूवाला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बाद में दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
सड़क हादसे में मृतकों की पहचान 12 केजीडी गाजीव निवासी 55 वर्षीय रोशन खान तथा 7 पीएचएम निवासी 50 वर्षीय राजेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी कार्य से जा रहे थे, तभी अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
फिलहाल पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार वाहन की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।





































