नयाशहर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से बालिका की मौत

बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र के प्रताप बस्ती में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें ट्रैक्टर–ट्रॉली की चपेट में आने से बालिका चेतना की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर–ट्रॉली का पहिया अचानक ऊपर से गुजर गया, जिससे बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई।

दुर्घटना के बाद प्रताप बस्ती में शोक और आक्रोश फैल गया। गलीवासियों और परिजनों ने आक्रोश जताते हुए घटना की जिम्मेदारी तय करने और कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
थानाधिकारी कविता पूनिया ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि बालिका ट्रैक्टर की चपेट में आ गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है और परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।घटना से पूरा क्षेत्र गमगीन है, जबकि परिवार में कोहराम मचा हुआ है।





































