भीड़भाड़ में हुई बड़ी चोरी,बस में धक्का-मुक्की के दौरान कारीगर के बैग से 436 ग्राम सोने के आभूषण गायब,फैली सनसनी

KOLKATA NEWS:-कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में एक सोने के कारीगर के साथ हुई बड़ी चोरी के मामले को लेकर सनसनी फैल गई है। बरानगर निवासी आभूषण कारीगर रंजीत सामंत के बैग से बस के अंदर धक्का-मुक्की के दौरान 436 ग्राम सोने के तैयार आभूषण चोरी हो गए। चोरी हुए आभूषणों की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपये बतायी जा रही है।

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार रंजीत सामंत पेशे से स्वर्ण आभूषण कारीगर हैं और ग्राहकों से सोना लेकर तैयार आभूषण डिलीवरी चालान के माध्यम से वापस करते हैं।
17 नवंबर 2025 की दोपहर करीब 2:30 बजे वे तैयार किये गये आभूषणों को चित्तरंजन एवेन्यू स्थित अपने डीलर की दुकान पहुंचाने बस से जा रहे थे।
गिरीश पार्क स्थित राम मंदिर स्टॉपेज पर बस से उतरते समय अचानक भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी अफरा-तफरी में किसी ने उनके बैग से सोने के आभूषण चुरा लिए।
दुकान पहुंचने के बाद जब उन्होंने बैग खोला, तो उसमें रखा 436 ग्राम सोना गायब था। घटना का अहसास होते ही वे सदमे में दुकान में ही अस्वस्थ होकर लेट गए।
पुलिस में शिकायत पर विवाद
पीड़ित के अनुसार, वे तुरंत गिरीश पार्क थाने पहुंचे, लेकिन उस दिन उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। बाद में उन्होंने पुनः आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के साथ उन्होंने आधार कार्ड, डिलीवरी चालान बुक की प्रति और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी संलग्न किये हैं।
इस मामले की एक प्रति उन्होंने डिटेक्टिव विभाग, लालबाजार को भी भेजी है।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते चोरी की इस घटना की जांच कर रही है। व्यस्त इलाके में इतने बड़े स्तर पर हुई इस चोरी से आमजन में भी चिंता का माहौल है।


































