रोडवेज यूनियन की बैठक सम्पन्न, लिए कई निर्णय

आज दिनांक 5 अक्टूबर 2025 को राजस्थान रोडवेज एंप्लाइज यूनियन एटक शाखा बीकानेर में यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री श्यामदीन भुट्टो की अध्यक्षता में मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रोडवेज के चालक और परिचालकों के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री श्यामदीन भुट्टो ने कहा कि वर्तमान में रोडवेज के चालक और परिचालक को प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक चालक और परिचालक से पंद्रह घंटे ड्यूटी ली जा रही है, और उनका समय पर साप्ताहिक विश्राम या अन्य अवकाश स्वीकृत नहीं किया जा रहा है।
रिटायर्ड एसोसिएशन प्रदेश सचिव श्री देवी लाल नाई ने संबोधन करते हुए कहा कि पूर्व में यूनियन द्वारा दो बार धरना प्रदर्शन कर प्रबंधन के साथ समझौता हुआ था, लेकिन उनको सही ढंग से लागू नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज चालक और परिचालक मानव अधिकार आयोग, श्रम आयोग, स्थानीय प्रशासन और रोडवेज प्रशासन द्वारा कोई समस्या का हल नहीं निकालकर और उनकी कोई सहायता या उनको सबल नहीं दिया जा रहा है।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि प्रबंधक संचालन कार्यालय और यातायात कार्यालय द्वारा चालकों और परिचालकों के साथ जबरदस्ती ड्यूटी चार्ट में ड्यूटियाँ लगाई जा रही हैं। कर्मचारियों को पर्याप्त आराम और विश्राम नहीं दिया जा रहा है। इसके अलावा, प्रबंधक संचालन कार्यालय और यातायात कार्यालय द्वारा जो ड्यूटी चार्ट भेजा जाता है, वह रात को दस बजे भेजा जाता है, जबकि यह ऑफिस टाइम में 4-5 बजे के आसपास आना चाहिए। इससे कर्मचारियों को अपने निजी जीवन को व्यवस्थित करने में परेशानी होती है और उन्हें रात को देर से ड्यूटी चार्ट मिलने के कारण अपने जीवन को प्रबंधित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
आज वर्तमान में स्थानीय प्रशासन, रोडवेज प्रशासन, श्रम आयुक्त और मुख्यालय द्वारा इनको कोई किसी प्रकार की राहत नहीं दी जा रही है और ना कोई कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक साल से ये समस्या जस की तस बनी हुई है। यूनियन कार्यालय से कई बार ज्ञापन और दो बार धरने प्रदर्शन और समझौते हो चुके हैं, उसके बावजूद इस समस्या में कोई सुधार नहीं हुआ है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि चालकों और परिचालकों के हित में यूनियन द्वारा सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यदि प्रबंधन द्वारा चालक और परिचालकों की जायज मांगों को पूरा नहीं किया गया और उन्हें प्रताड़ित करना बंद नहीं किया गया, तो यूनियन द्वारा धरना प्रदर्शन और हड़ताल की जाएगी। यूनियन ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों को अनदेखा किया गया, तो आने वाले समय में बड़े आंदोलन की तैयारी करनी होगी।
धन्यवाद,
रोशन अली
अध्यक्ष
एटक यूनियन शाखा बीकानेर





































