होटल पर एएनटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 7.8 किलो डोडा-पोस्त चूरा और 70 पव्वे शराब बरामद


बीकानेर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल से भारी मात्रा में डोडा-पोस्त चूरा और देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार लूणकरणसर क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित हंसेरा नहर के पास संचालित सरदारी होटल पर संयुक्त टीम ने दबिश दी। तलाशी के दौरान होटल से 7.800 किलोग्राम डोडा-पोस्त चूरा, 70 पव्वे देशी शराब तथा बिक्री से संबंधित 18,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बरामद मादक पदार्थ और शराब के स्रोत तथा इससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई हो सकती है।





































