|

पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल,संसाधनों की कमी से मरीज और डॉक्टर दोनों परेशान

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सामग्री, उपकरणों और मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायतों के बीच मरीजों, परिजनों और चिकित्सा स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


जानकारी के अनुसार कई वार्डों और विभागों में कैनुला, IV सेट और अन्य आवश्यक चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता को लेकर शिकायतें सामने आई हैं। वहीं मरीजों को व्हीलचेयर जैसी बुनियादी सुविधाएं समय पर नहीं मिलने की बात भी कही जा रही है। इसके चलते मरीजों और उनके परिजनों में नाराजगी देखी जा रही है।
अस्पताल के रेजिडेंट डॉक्टरों पर भी दबाव बढ़ता नजर आ रहा है। अस्पताल की व्यवस्थागत कमियों को लेकर कई बार मरीजों और परिजनों का गुस्सा सीधे रेजिडेंट डॉक्टरों को झेलना पड़ता है, जबकि व्यवस्थाओं से जुड़े निर्णय उनके अधिकार क्षेत्र से बाहर होते हैं।


पेयजल और गर्मी से जुड़ी समस्याएं
अस्पताल परिसर में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा कई स्थानों पर कूलर और पंखों के पर्याप्त संचालन नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं। भीषण गर्मी के बीच इससे मरीजों, परिजनों और कर्मचारियों को अतिरिक्त कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


ट्रॉमा सेंटर में CCTV व्यवस्था पर सवाल
ट्रॉमा सेंटर सहित अस्पताल के कुछ हिस्सों में लगे सीसीटीवी कैमरों के लंबे समय से खराब होने की चर्चा है। यदि यह स्थिति सही है तो सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्न खड़े होते हैं।
नियमित निरीक्षण की मांग
अस्पताल में संसाधनों की उपलब्धता, उपकरणों की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों के बीच लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण और प्रभावी मॉनिटरिंग की आवश्यकता है, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके।


अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सा कर्मियों पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए प्रशासन और संबंधित विभाग कब ठोस कदम उठाएंगे। पीबीएम अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच मरीजों और आमजन की निगाहें अब जिम्मेदार अधिकारियों की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button