बीकानेर में ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ का आगाज: नशे के खिलाफ पुलिस का ‘महाप्रहार’, तस्करों की संपत्ति होगी कुर्क


THE BIKANER NEWS:-बीकानेर, 08 अप्रैल 2026,जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए बीकानेर पुलिस ने आज से ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ की शुरुआत कर दी है। बीकानेर पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में शुरू हुआ यह अभियान ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ का एक अहम हिस्सा है।

पुलिस का स्पष्ट कहना है कि यह अभियान केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नशे के पूरे इकोसिस्टम— उत्पादन, परिवहन, वितरण और वित्तीय नेटवर्क— को पूरी तरह से ध्वस्त किया जाएगा।
अभियान के प्रमुख बिंदु और पुलिस की रणनीति:
- अवैध संपत्ति पर कड़ा प्रहार (Financial Strike): अब नशा तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ी जाएगी। नशे के व्यापार से अर्जित आवासीय/व्यावसायिक भवन, दुकान, कृषि भूमि, वाहन और बैंक खातों की गहन जांच होगी। NDPS एक्ट की धारा 68F के तहत ऐसी अवैध संपत्तियों को कुर्क (Freeze/Attach) किया जाएगा। अगर संपत्ति परिजनों या बेनामी नामों पर भी हुई, तो भी सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
- अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर: नशा तस्करों द्वारा किए गए अवैध निर्माण या सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को बख्शा नहीं जाएगा। राजस्व विभाग, नगर निकाय और जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर इन कब्जों को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
- सक्रिय अपराधियों की बनेगी कुंडली: NDPS एक्ट में पूर्व में चालानशुदा (Old Challaned) और सक्रिय अपराधियों की थाना स्तर पर सूची तैयार कर उनका सत्यापन किया जाएगा। ऐसे अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी और उन पर सतत निगरानी (Surveillance) रखी जाएगी। हर थाना क्षेत्र में मुख्य सप्लायर्स को चिन्हित कर विशेष चेकिंग और दबिश दी जाएगी।
- जागरूकता और जनसंवाद (Community Outreach): पुलिस स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों और ग्रामीण/शहरी क्षेत्रों में स्थानीय NGOs के साथ मिलकर नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम चलाएगी। युवाओं और संवेदनशील वर्गों को नशे के दुष्प्रभावों और NDPS एक्ट के सख्त प्रावधानों के बारे में बताया जाएगा। साथ ही, पुनर्वास (Rehab) और परामर्श सेवाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
हर स्तर पर होगी मॉनिटरिंग
इस अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सख्त निगरानी तंत्र बनाया गया है। थाना स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा, वृत्ताधिकारी स्तर पर सतत निगरानी और पुलिस अधीक्षक स्तर पर इसका नियमित मूल्यांकन किया जाएगा। प्रत्येक कार्रवाई का डिजिटल और लिखित रिकॉर्ड रखा जाएगा।
आमजन से सहयोग की अपील
बीकानेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक, बीकानेर ने आमजन से अपील की है कि वे इस अभियान में पुलिस का साथ दें।
यदि आपके आसपास कोई भी संदिग्ध नशा तस्करी की गतिविधि हो रही है, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
सूचना देने के लिए संपर्क करें:
पुलिस कंट्रोल रूम: 8764852595



































