|

बीकानेर में आंधी का कहर: बिजली के ढीले तारों से लगी आग में 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर। जिले के कालू कस्बे के पास स्थित शेखासर गांव में बुधवार को आई तेज आंधी किसानों के लिए भारी तबाही लेकर आई। आंधी के कारण बिजली के ढीले तारों से निकली चिंगारी ने खेतों में रखी गेहूं की फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 10 बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।

इन किसानों का हुआ नुकसान

इस दर्दनाक हादसे में शेखासर गांव के किसान राजेंद्र कुमार (पुत्र अर्जुन राम धतरवाल) और भगवाना राम (पुत्र कानाराम धतरवाल) के खेतों में रखी करीब 5-5 बीघा गेहूं की कटी हुई फसल पूरी तरह नष्ट हो गई है। आग लगते ही मौके पर मौजूद किसानों ने ट्यूबवेल चलाकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई और किसानों की आंखों के सामने उनकी महीनों की मेहनत खाक हो गई।

बिजली विभाग की लापरवाही से हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 132 जीएसएस से कपूरिसर जाने वाली बिजली लाइन के तार काफी ढीले थे। आंधी-तूफान के दौरान कटा हुआ गेहूं हवा में उड़कर इन तारों से टकराया, जिससे चिंगारी निकली और खेत में आग भड़क गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने इस पूरी घटना के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते विभाग द्वारा इन ढीले तारों को ठीक कर दिया जाता, तो इस भीषण हादसे को टाला जा सकता था।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश, किसानों ने मांगा मुआवजा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया। तहसीलदार विनोद पूनिया ने तुरंत हल्का पटवारी पार्वती को मौके पर भेजा और नुकसान का आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इधर, अपनी फसल गंवा चुके पीड़ित किसानों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उन्हें इस भारी आर्थिक नुकसान से कुछ राहत मिल सके।

Show More

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button