मुरलीधर में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी, कॉलोनी वासी परेशान

बीकानेर। शहर में बुनियादी समस्याओं को लेकर नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार विभागों की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा। ताजा मामला मुरलीधर व्यास कॉलोनी सेक्टर 2-एफ का सामने आया है, जहां स्थानीय लोग लंबे समय से गंदगी, टूटी सड़कों और जर्जर पार्क जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं।

क्षेत्र के निवासियों के अनुसार कॉलोनी में पिछले कई महीनों से एक सीवरेज चैम्बर क्षतिग्रस्त पड़ा है। उसका ढक्कन टूटा हुआ है, जिससे गंदा पानी लगातार बाहर फैल रहा है। इससे न केवल बदबू और अस्वच्छता फैल रही है, बल्कि खुले और टूटे चैम्बर के कारण कई लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। रहवासियों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद यहां नियमित सफाई तक नहीं हो रही।
इसी क्षेत्र में स्थित शिव गोरख पार्क की हालत भी बेहद खराब बताई जा रही है। पार्क की दीवारें जर्जर हो चुकी हैं और कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। पार्क और आसपास की सड़कों पर गड्ढों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
क्षेत्र की निवासी एवं महासचिव लक्ष्मी पारीक ने बताया कि कॉलोनी की समस्याओं की ओर आज तक किसी अधिकारी ने गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का डर है और टूटी संरचनाओं की वजह से हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी नगर निगम में धरना देने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सीवरेज चैम्बर की तुरंत मरम्मत करवाई जाए, नियमित सफाई व्यवस्था शुरू की जाए तथा पार्क और सड़कों का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।




































