बीकानेर में दर्दनाक हादसा: टायर में हवा भरते समय युवक की मौत

बीकानेर। नाल पुलिस थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां टायर में हवा भरते समय हुए हादसे में 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना कृष्ण मार्केट, कोड़मदेसर फांटे के पास की बताई जा रही है।

इस संबंध में मृतक के छोटे भाई महेन्द्र पुत्र मदनलाल ने नाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी के अनुसार 8 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे उसका भाई मुकेश टायर में हवा भर रहा था। इसी दौरान अचानक टायर का कड़ा निकलकर मुकेश के सिर में जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना गंभीर था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।




































