मानवता फिर शर्मसार, जस्सूसर गेट क्षेत्र में मिला नवजात शिशु का शव

बीकानेर। शहर के नया शहर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जसूसर गेट स्थित कब्रिस्तान के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मृत अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर ख़िदमतगार खादिम सोसाइटी और असहाय सेवा संस्थान के सोयब भाई व राजकुमार खड़गावत तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद संबंधित नया शहर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
नया शहर थाना के राकेश मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और शिशु के शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस की निगरानी में नवजात को पीबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरी मुआयना करवाने के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नवजात को वहां कौन छोड़कर गया।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।






































