हर्ष ने ग्रहण किया जिला खेल अधिकारी का पदभार

बीकानेर। जिले में खेल गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए शारीरिक शिक्षक सुरेन्द्र हर्ष ने जिला खेल अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। गुरुवार को करणीसिंह स्टेडियम स्थित कार्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाला।

सुरेन्द्र हर्ष इससे पूर्व प्रारंभिक एवं माध्यमिक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में खेलकूद गतिविधियों के संचालन का दायित्व निभा रहे थे। अब वे शिक्षा विभाग के साथ-साथ जिला खेल अधिकारी पद की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
जिला कलक्टर द्वारा जारी आदेश के बाद आज उन्होंने नए पद की कार्यवाही पूर्ण की। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने जिले में खेल सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन को प्राथमिकता देने की बात कही।
जिले के खेलजगत में इस नियुक्ति को सकारात्मक कदम माना जा रहा है।





































