बीकानेर में दर्दनाक सड़क हादसा: दो की मौके पर मौत, एक गंभीर घायल

बीकानेर। जिले के नोखा थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा चरकड़ा गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे जा रहे एक ग्रामीण को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे में चरकड़ा निवासी नारायण सिंह राजपूत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार राजूराम पुत्र जगदीश, निवासी सुरपुरा की भी जान चली गई। दुर्घटना में लालचंद पुत्र भागीरथ गोदारा, निवासी रामसर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पलटी हुई गाड़ी में संदिग्ध मादक पदार्थ भरा हुआ बताया जा रहा है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही नोखा जिला अस्पताल में भी लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए।
चरकड़ा सरपंच सवाई सिंह मगनाराम केड़ली भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सांत्वना दी। हादसे के बाद आक्रोशित युवाओं की भीड़ भी जमा हो गई, जिन्हें समझाइश कर शांत कराया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को मोर्चरी में रखवाकर मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर तैनात है और पलटी गाड़ी से मिले संदिग्ध मादक पदार्थ की जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।





































