भारत में सुबह-सुबह कांपी धरती, पश्चिम बंगाल में जोरदार भूकंप से सहमे लोग

कोलकाता/नई दिल्ली। शुक्रवार सुबह भारत, बांग्लादेश और पाकिस्तान की धरती भूकंप के तेज झटकों से हिल उठी। पश्चिम बंगाल में कई जिलों में लोग अचानक आए तेज झटकों से डरकर घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। सुबह 10:08 बजे महसूस हुए इस भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के धोराशाल क्षेत्र में था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.2 दर्ज की गई। अच्छी बात यह है कि अभी तक किसी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।

कैसे महसूस हुए झटके?
ढाका के पास धोराशाल में आए इस भूकंप का असर पश्चिम बंगाल, कोलकाता और पूरे नॉर्थ-ईस्ट के बड़े हिस्से में महसूस हुआ। कई लोगों ने अपने घरों-दफ्तरों में पंखों, लाइटों और झूमरों के हिलने के वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किए। झटके कुछ सेकंड तक महसूस हुए, जिसके बाद लोग सहम गए।
पाकिस्तान में भी हिली धरती
इससे पहले शुक्रवार की सुबह पाकिस्तान में भी 5.2 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंपीय केंद्र के अनुसार, इसका केंद्र लगभग 135 किलोमीटर की गहराई पर था। पाकिस्तान में भी किसी नुकसान की खबर नहीं है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि कम गहराई वाले भूकंप अधिक खतरनाक होते हैं, क्योंकि उनकी वेव्स सीधे सतह पर तेजी से असर डालती हैं।
यह क्षेत्र भूकंप-प्रवण क्यों है?
अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तरी भारत दुनिया के सबसे सक्रिय सीस्मिक ज़ोन में आते हैं, जहाँ इंडियन और यूरेशियन टेक्टोनिक प्लेटें टकराती हैं। यही कारण है कि इस क्षेत्र में अक्सर हल्के से तेज भूकंप आते रहते हैं।
पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्र कई बड़ी फॉल्ट लाइनों के पास स्थित हैं, जो इसे और अधिक संवेदनशील बनाते हैं।
लोगों में दहशत, लेकिन स्थिति सामान्य
पश्चिम बंगाल में लोगों ने बताया कि झटकों के दौरान कई इमारतों में कंपन महसूस हुआ। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रशासन के अनुसार किसी के घायल होने या किसी प्रकार की संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ है।




































