देशनोक के विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर का 22.57 करोड़ की लागत से भव्य कायाकल्प, श्रद्धालुओं को मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर: बीकानेर से 30 किलोमीटर दूर देशनोक में स्थित विश्व प्रसिद्ध करणी माता मंदिर (चूहों वाले मंदिर) के दिन अब और भी संवरने वाले हैं। देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को अब धूप और बरसात में परेशान नहीं होना पड़ेगा। केंद्र सरकार की ‘स्वदेश दर्शन 2.0’ और ‘प्रसाद योजना’ के तहत 22.57 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर को एक आधुनिक और भव्य पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पर्यटन विभाग ने जीर्णोद्धार के शेष कार्यों को आगामी जुलाई महीने तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया है।
मंदिर परिसर में हो रहे हैं ये प्रमुख बदलाव:
- भव्य प्रवेश द्वार और शेड: मंदिर के मुख्य द्वार, वीआईपी और निकासी गेट सहित कुल 600 मीटर एरिया में शेड का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा चारों दिशाओं में ‘तोरण द्वार’ की तर्ज पर भव्य गेट बनाने का काम भी जल्द शुरू होगा।
- टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (TFC): पर्यटकों की सुविधा के लिए एक अत्याधुनिक केंद्र बनाया जा रहा है, जहाँ करणी माता के इतिहास, सफेद चूहों (जिन्हें माता के बेटों का अवतार माना जाता है) की धार्मिक मान्यताओं और आसपास के दर्शनीय स्थलों की पूरी जानकारी मिलेगी।
- आधुनिक सुविधाएं: परिसर में ऑफिस ब्लॉक, टॉयलेट-बाथरूम, कंट्रोल रूम, लॉकर रूम, रेस्ट रूम और कैफेटेरिया का निर्माण किया जा रहा है।
- मनोरंजन और रोजगार: 50 कियोस्क/दुकानें, एक म्यूजियम और एक ओपन एयर थियेटर का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
सुरक्षा और रोशनी के पुख्ता इंतजाम
मंदिर को सुविधाजनक बनाने के लिए मुख्य मार्ग पर 16 हेरिटेज पोल और हाईमास्क लाइटें लगाई जा चुकी हैं। जल्द ही इन पोल पर 32 लाइट्स, साइन बोर्ड और डस्टबिन लगाए जाएंगे। हाईवे से मंदिर, गोशाला और पुलिस थाने से मंदिर जाने वाले सभी रास्ते पूरी तरह जगमगा उठेंगे। इसके साथ ही मेला ग्राउंड में दोपहिया और चौपहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्टैंड और सुरक्षा के लिए पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं।
पर्यटन को मिलेगा भारी बढ़ावा
माँ दुर्गा का स्वरूप मानी जाने वाली करणी माता के इस मंदिर के विकास से यहाँ धार्मिक पर्यटन को नई उड़ान मिलेगी। गौरतलब है कि भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा देश भर के 53 प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है, जिसका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 मार्च 2025 को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर से वर्चुअल माध्यम से किया था। राज्य के मुख्यमंत्री ने भी करणी माता मंदिर को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी, जो अब मूर्त रूप ले रही है।





































