Breaking:-अस्पताल की खुदाई के दौरान मिले 1100 से ज्यादा जिंदा कारतूस, क्षेत्र में हड़कंप

THE BIKANER NEWS:-बीकानेर (महाजन):
बीकानेर जिले के महाजन कस्बे से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में जमीन के नीचे से भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। कारतूसों की संख्या 1100 से ज्यादा बताई जा रही है, जिसे देखकर वहां काम कर रहे मजदूरों में हड़कंप मच गया।
कैसे हुआ खुलासा?
घटना शनिवार की है, जब अस्पताल परिसर में जमीन को समतल करने के लिए ट्रैक्टर चलाया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर आगे बढ़ने से पहले किसी चीज से अटक गया। जब मजदूरों ने वहां जाकर देखा, तो एक प्लास्टिक का कट्टा (बोरा) फंसा हुआ मिला। उसे खोलकर देखा गया तो उसमें जिंदा कारतूस भरे हुए थे।
पुलिस ने क्या कहा?
सूचना मिलते ही महाजन थाना अधिकारी भजनलाल मौके पर पहुंचे और कारतूसों को अपने कब्जे में लेकर क्षेत्र को सुरक्षित किया। पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए राउंड एसएलआर (SLR – सेल्फ लोडेड रिवॉल्वर) के हैं। लंबे समय से जमीन में दबे होने के कारण इन पर जंग लग चुकी है और ये खराब हो चुके हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है कि आखिर इतनी बड़ी संख्या में कारतूसों से भरा यह थैला यहाँ कौन और कब छिपाकर गया था।






































