बीकानेर:-आपसी विवाद के बाद युवक की चाकू मारकर हत्या, इलाके में सनसनी

THE BIKANER NEWS:बीकानेर/जसरासर: बीकानेर जिले के जसरासर थाना क्षेत्र स्थित उत्तमादेसर गांव में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां आपसी विवाद के चलते एक 32 वर्षीय युवक की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

विवाद ने लिया उग्र रूप, रास्ते में तोड़ा दम
मृतक की पहचान हरिराम (32) पुत्र बद्रीराम गोदारा के रूप में हुई है, जो गांव में ही अपनी दुकान चलाता था। पुलिस के अनुसार, बीती रात किसी बात को लेकर हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया। तैश में आए आरोपियों ने हरिराम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे आनन-फानन में पीबीएम (PBM) अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में नापासर के पास ही उसने दम तोड़ दिया।
तीन थानों की संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्त में
घटना की सूचना मिलते ही जसरासर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नापासर सीएचसी (CHC) भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जसरासर, नापासर और बीकानेर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए देर रात ही एक आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
परिजनों में आक्रोश, जल्द गिरफ्तारी की मांग
हत्या की इस वारदात के बाद मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजन और ग्रामीण नापासर सीएचसी और जसरासर थाने में मौजूद हैं और बचे हुए सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर विवाद के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।




































